अमरूद महोत्सव में दस हजार किसान भाग लेंगे:देशभर के हार्टीकल्चर रिजर्व के वैज्ञानिक और उन्नतिशील किसान जुटेंगे सवाई माधोपुर में
सवाई माधोपुर के 263वें स्थापना दिवस के अवसर पर अमरूद महोत्सव मनाया जाएगा। जिसमें दस हजार से अधिक किसान भाग लेंगे। दो दिवसीय कार्यक्रम होगा जिला कलेक्टर काना राम ने बताया कि अमरूद महोत्सव पंच गौरव अन्तर्गत जिला प्रशासन व कृषि-उद्यानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 18 व 19 जनवरी को दशहरा मैदान में आयोजित किया जा रहा है। इस दो दिवसीय महोत्सव में अमरूद प्रदर्शनी, प्रोसेसिंग प्रोडक्ट, कृषि यंत्रीकरण एवं ऑटोमेशन, उद्यानिकी तकनिकों, कृषि आदान, समन्वित खेती आधारित पशुधन गतिविधियों के लाईव डेमोस्ट्रेशन से संबंधित लगभग 200 स्टॉल्स लगाई जाएगी। अमरूद महोत्सव में टोंक, जयपुर, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा, दौसा, करौली सहित विभिन्न जिलों से प्रतिदिन लगभग 10 हजार से अधिक किसानों की सहभागिता होने की सम्भावना है। महोत्सव के अंतर्गत 18 जनवरी को फल-फूल प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए 16 जनवरी तक पंजीयन करवाना अनिवार्य है। फल-फूल प्रदर्शनी में किसान 10 उच्च गुणवत्तापूर्ण फल (किस्मवार अलग-अलग) प्रस्तुत करेंगे। निर्णायक समिति निर्धारित 12 किस्मों के आधार पर विजेताओं का चयन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान करेगी। अमरूदों से बनने वाले उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से उच्च गुणवत्तापूर्ण 20 से अधिक नर्सरियां भाग लेंगी। जहां अमरूद की लगभग 30 किस्मों के पौधे उपलब्ध रहेंगे। यहां से किसान पौधों की खरीद के साथ थोक बुकिंग भी करा सकेंगे। श्रेष्ठ प्रथम नर्सरी को 11 हजार, द्वितीय को 7 हजार एवं तृतीय को 6 हजार रुपए की राशि पुरूस्कार के रूप में प्रदान की जाएगी। अमरूद महोत्सव का मुख्य आर्कषण अन्य राज्यों एवं विभिन्न जिलों के फलों की किस्मवार प्रदर्शनी होगी। जिसमें किस्मवार अमरूद प्रतियोगिता करने वाले कृषकों को प्रथम पुरूस्कार 5 हजार, द्वितीय 3 हजार और तृतीय 2 हजार रुपये दिए जाएंगे। महोत्सव के दौरान अमरूद से बनने वाले वैल्यू-एडेड उत्पादों जैसे अमरूद बर्फी, फू्रड पल्प, हलवा, लड्डू, चटनी, आचार, शरबत, जूस, जैली, कैरी, ड्राई पाउडर आदि की व्यापक प्रदर्शनी लगेगी। देशभर से आएंगे वैज्ञानिक सीफेट लुधियाना, सीआईएसएच लखनऊ, एनआईएफटीईएम हरियाणा, आईएआरआई दिल्ली, एमपीकेवी महाराष्ट्र, गोविंद वल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय पंतनगर, नवसारी कृषि विश्वविद्यालय गुजरात सहित अनेक राष्ट्रीय संस्थानों के वैज्ञानिक प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं विपणन की जानकारी देंगे। निजी कंपनियां भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।किसानों के लिए उन्नत कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, ड्रोन का लाइव डेमो, स्मार्ट फार्मिंग, हाई-टेक बागवानी (ड्रिप, मल्च, लो-टनल, शेडनेट/पॉलीहाउस) के लाइव डेमोंस्ट्रेशन, जैविक व प्राकृतिक खेती (नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, जीवामृत, बीजामृत) तथा केंचुआ खाद संबंधी स्टॉल लगेंगी। कृषि स्टार्ट-अप, एफपीओ, एग्रो-प्रोसेसिंग यूनिट्स (आंवला, एलोवेरा, ग्वारपाठा आदि) भी सहभागिता करेंगे। पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र की उन्नत नस्लें व डेयरी उत्पादों की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। विभिन्न श्रेणियों में लगाई जाने वाली स्टॉल्स को सर्वश्रेष्ठ सजावट व बेस्ट लाईव डिमोस्ट्रेशन के लिए प्रथम स्थान पर रहने वाल स्टॉल को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 7 हजार रुपये एवं तृतीय स्थान पर 5 हजार रुपये पुरूस्कार के रूप में प्रदान किए जाएंगे।महोत्सव में कृषक-वैज्ञानिक संवाद, कृषक एवं पशुपालक चौपाल आयोजित होंगी, जहां अमरूद उत्पादन, कीट-रोग प्रबंधन, जल संरक्षण, प्रसंस्करण व बाजार से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। विभिन्न कृषक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कृषि, उद्यान, पशुपालन, बैंकिंग सहित विभागों द्वारा दी जाएगी।
Source link

