इमरजेंसी, एसएनसीयू, प्रसव वार्ड और मैटरनिटी ओटी को किया निरीक्षण:सहरसा सदर अस्पताल में एनक्वास पुनः प्रमाणन शुरू, राज्य स्तरीय टीम करेगी मूल्यांकन

इमरजेंसी, एसएनसीयू, प्रसव वार्ड और मैटरनिटी ओटी को किया निरीक्षण:सहरसा सदर अस्पताल में एनक्वास पुनः प्रमाणन शुरू, राज्य स्तरीय टीम करेगी मूल्यांकन




सहरसा मॉडल अस्पताल में नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) के पुनः प्रमाणन की प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई है। इसके लिए राज्य स्तरीय दो सदस्यीय टीम अस्पताल का गहन मूल्यांकन कर रही है। टीम में एम्स पटना की असेसर प्रियंका एलिजाबेथ थॉमस और डीसीक्यूए पूर्णिया के डॉ. अनिल कुमार शर्मा शामिल हैं। मूल्यांकन टीम ने पहले दिन सदर अस्पताल के इमरजेंसी विभाग, एसएनसीयू, प्रसव वार्ड, मैटरनिटी ओटी, ओपीडी और चाइल्ड वार्ड सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभागों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और सुधार की आवश्यकता वाले बिंदुओं पर गौर किया गया। यह असेसमेंट प्रक्रिया कुल तीन दिनों तक चलेगी। असेसमेंट टीम के अनुसार, एनक्वास और लक्ष्य मानकों के तहत अस्पताल के कुल सात प्रमुख विभागों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। इनमें लेबर रूम, मैटरनिटी ओटी, एसएनसीयू, एनआरसी, पैथोलॉजी और जनरल एडमिनिस्ट्रेशन जैसे विभाग शामिल हैं। टीम साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा, संक्रमण नियंत्रण, दवाओं व उपकरणों की उपलब्धता, रिकॉर्ड प्रबंधन और क्लिनिकल केयर की गुणवत्ता को निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार परख रही है। टीम ने बताया कि एनक्वास असेसमेंट का मुख्य उद्देश्य अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना है, ताकि मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक अनुरूप उपचार मिल सके। निरीक्षण के दौरान टीम ने स्वास्थ्यकर्मियों से भी बातचीत की और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी सात विभागों के मूल्यांकन के बाद तैयार की गई रिपोर्ट बिहार सरकार को सौंपी जाएगी। इसके उपरांत, केंद्रीय टीम द्वारा अंतिम असेसमेंट किया जाएगा, जिसके आधार पर सदर अस्पताल को एनक्वास सर्टिफिकेट का पुनः प्रमाणन प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि सदर मॉडल अस्पताल को पहले भी एनक्वास सर्टिफिकेट मिल चुका है। उसकी वैधता अवधि पूरी होने के बाद यह पुनः प्रमाणन प्रक्रिया शुरू की गई है। असेसमेंट को लेकर अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मी पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हैं, ताकि अस्पताल गुणवत्ता के सभी मानकों पर खरा उतर सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!