उकलाना क्षेत्र में ईंटों के दाम बढ़े:₹7500 से बढ़कर ₹7800 प्रति हजार हुई कीमत; रेट लागू करने पर भट्ठा मालिकों की सहमति
हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र में ईंटों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया गया है। मंगलवार को गांव कल्लर भैणी स्थित जैन ईंट भट्ठा पर उकलाना क्षेत्र के ईंट भट्ठा मालिकों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बढ़ती उत्पादन लागत और बाजार की मौजूदा परिस्थितियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान भट्ठा मालिकों ने बताया कि पिछले कुछ समय से कोयले, मिट्टी, मजदूरी और अन्य कच्चे माल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। जिससे ईंट निर्माण की लागत पर सीधा असर पड़ा है। इस स्थिति में पुराने रेट पर ईंटों की आपूर्ति करना भट्ठा संचालकों के लिए मुश्किल होता जा रहा था। लंबी चर्चा के बाद सभी भट्ठा मालिकों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए 1 नम्बर की ईंट का रेट ₹7500 से बढ़ाकर ₹7800 प्रति हजार तय किया। यह नया रेट तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। एक समान रेट लागू करने पर सहमति जताई भट्ठा संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह निर्णय उद्योग को सुचारू रूप से चलाने और बढ़ती लागत के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कच्चे माल की कीमतों में और वृद्धि होती है, तो रेट में पुनः संशोधन पर विचार किया जा सकता है। बैठक में मौजूद सदस्यों ने एकजुटता दिखाते हुए इस निर्णय का समर्थन किया और क्षेत्र में एक समान रेट लागू करने पर सहमति जताई, ताकि बाजार में पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की प्रतिस्पर्धात्मक असंतुलन की स्थिति उत्पन्न न हो। इस अवसर पर राजू चितैन, गौरव गुप्ता, कृष्ण, कपिल, कुलदीप, अंशुल, टेकचंद, मुल्कराज, अजय, पिंकी, अमित, आशु, प्रताप, भीम जैन सहित क्षेत्र के अनेक भट्ठा मालिक मौजूद रहे।
Source link

