कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी…14 राइस मिल सील:मुंगेली में 12 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त, 19 राइस मिलों पर कार्रवाई
मुंगेली जिले में धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने अलग-अलग राइस मिलों पर छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें कस्टम मिलिंग में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। अभियान में कलेक्टर कुंदन कुमार, एसपी भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, अपर कलेक्टर जीएल यादव सहित राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। जांच के दौरान ओवरलोडिंग और रीसाइकलिंग जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। उपलेटा राइस मिल, नवागांव घुठेरा रोड स्थित नेशनल दाल मिल, पंडरिया रोड स्थित वर्धमान मिलिंग इंडस्ट्रीज, जैन राइस इंडस्ट्रीज और नवकार दाल उद्योग में कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी पाई गई। इन राइस मिलों से 12 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया। जबकि 14 राइस मिल सील किया गया है। धान की भारी कमी भी सामने आई इसके अलावा नवागढ़ रोड स्थित दीपक राइस इंडस्ट्रीज और दीपक मिलिंग इंडस्ट्रीज में 198 क्विंटल से अधिक धान की कमी पाई गई। वहीं लोरमी रोड स्थित एसएस फूड में 1761 क्विंटल से अधिक धान कम पाया गया। 19 राइस मिलों पर कार्रवाई, 14 सील जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना ने बताया कि अनियमितता पाए जाने पर छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 19 राइस मिलों पर कार्रवाई की गई है, जिनमें से 14 राइस मिलों को सील कर दिया गया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समितियों से मिलर्स की ओर से धान उठाव का कार्य किया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिले में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) गठित किया गया है। जीपीएस से धान परिवहन की रियल टाइम मॉनिटरिंग आईसीसीसी के माध्यम से धान परिवहन में लगे वाहनों को जीपीएस से ट्रैक किया जा रहा है। यदि कोई वाहन धान उठाने के बाद अधिक समय तक एक ही स्थान पर रुकता है, निर्धारित मार्ग से भटकता है या क्षमता से अधिक धान का परिवहन करता है, तो उसकी सूचना कमांड कंट्रोल पोर्टल पर ऑनलाइन प्रदर्शित होती है। जिला स्तर पर अधिकारी इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। जिले की सीमाओं और चेक पोस्टों पर सख्त निगरानी अवैध धान भंडारण और परिवहन को रोकने के लिए जिले की सीमाओं और चेक पोस्टों पर चौकसी और अधिक मजबूत की गई है। संदिग्ध वाहनों की परिवहन गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सभी आंतरिक चेक पोस्टों पर टीमें तैनात की गई हैं। निगरानी दल की ओर से रात्रिकालीन गश्त के साथ-साथ संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से अवैध रूप से धान खपाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिले में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से खरीदी, भंडारण और परिवहन की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है और अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
Source link

