कारोबारी सूरज बिहारी मर्डर केस में पुलिस का शिकंजा:फरार बदमाशों के घर कुर्की की तैयारी, हत्या में शामिल सातों आरोपियों की संपत्ति जब्त होगी
पूर्णिया के जाने-माने कारोबारी और फेमस ब्लॉगर सूरज बिहारी हत्याकांड में पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस मामले में अब तक सिर्फ एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। जबकि केस से जुड़े सभी सात बदमाशों के घर कुर्की होगी। पुलिस को कोर्ट से कुर्की की इजाजत मिल गई है। वारदात बीते 27 जनवरी को मरंगा थाना क्षेत्र के बसंत विहार कॉलोनी में हुई थी। बदमाशों ने सूरज बिहारी पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। करीब 5 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से 3 गोलियां लगते ही सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव फैल गया। इस हत्याकांड का लाइव वीडियो भी सामने आया, जिसमें गोलियों की आवाज और अफरातफरी साफ देखी जा सकती थी। पूछताछ के बाद भेजा जेल वारदात के बाद एसपी स्वीटी सहरावत के निर्देश पर SIT का गठन किया गया। पुलिस टीम ने बीते 29 जनवरी को STF की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या में इस्तेमाल की गई तीन बाइक जब्त की और विशाल कुमार नाम के युवक को देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। के. हाट थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में 7 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। नामजद आरोपियों में ब्रजेश सिंह, उसका भाई राज सिंह उर्फ नंदू सिंह, स्नेहिल झा उर्फ स्नेहिल ठाकुर, आदित्य ठाकुर, अमन सिंह, रजनीश सिंह और एयशु सिंह उर्फ अंशु सिंह शामिल है। ये सभी आरोपी घटना के बाद से फरार चल है। लगातार छापेमारी के बावजूद आरोपी के हाथ नहीं लगने पर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। 3 फरवरी को कोर्ट से सभी फरार आरोपियों के खिलाफ कुर्की का आदेश ले लिया गया है। अब जल्द ही इनके घरों पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा पुलिस का साफ कहना है कि हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। कुर्की के बाद आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। सूरज बिहारी हत्याकांड में पुलिस की यह कार्रवाई अब सीधे फरार अपराधियों पर दबाव बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
Source link

