चंदवा में सड़क दुर्घटना, एक युवक की मौत:अनियंत्रित बाइक के रोड किनारे लगे खंभे से टकराने से हुआ हादसा, दो घायल
लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे में एक युवती सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना एनएच-39 रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले सासंग-सेरक-मासीयातू ग्रामीण पथ पर एक तीखे मोड़ के पास हुई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक खंभे से टकरा गई। टक्कर के कारण बाइक पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदवा पहुंचाया। घायलों की पहचान राजेंद्र गंझू (पिता- नरेश गंझू), नरेश गंझू (पिता- विशुन गंझू, बारी चंदवा) और साखो कुमारी के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजेंद्र गंझू को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया था। हालांकि, रांची ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। घायल युवती साखो कुमारी को आगे के इलाज के लिए लातेहार भेजा गया है, जबकि नरेश गंझू का इलाज चंदवा में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर प्रखंड उप प्रमुख अश्विनी मिश्रा और बारी ग्राम प्रधान रोबेन उरांव अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चंदवा सीएचसी में एंबुलेंस की अनुपलब्धता पर चिंता व्यक्त की। सीएचसी प्रभारी डॉ. नीलिमा कुमारी ने बताया कि केंद्र की दोनों 108 एंबुलेंस खराब हैं और उन्हें मरम्मत के लिए भेजा गया है। इस कारण आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में कठिनाई हो रही है। चंदवा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। ऐसे में एंबुलेंस की अनुपलब्धता स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित कर रही है।
Source link

