चतरा में TSPC ने निर्माण स्थल पर किया हमला:मजदूरों से की मारपीट, पोकलेन तोड़ी, लेवी के लिए दी धमकी
चतरा जिले के टंडवा कोयलांचल में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (TSPC) ने लेवी की मांग को लेकर दहशत फैलाने वाली वारदात को अंजाम दिया है। हथियारबंद उग्रवादियों ने टंडवा थाना क्षेत्र के कबरा इलाके में दो अलग-अलग निर्माण स्थलों पर हमला कर फायरिंग की, मजदूरों के साथ मारपीट की और निर्माण कार्य पूरी तरह ठप करा दिया। जानकारी के अनुसार, करीब पांच हथियारबंद उग्रवादी सबसे पहले खधैया स्थित कबरा पुल निर्माण स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायरिंग की और काम कर रहे मुंशियों व मजदूरों के साथ बेरहमी से मारपीट की। उग्रवादियों ने निर्माण कार्य में लगी एक पोकलेन मशीन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दूसरे साइट पर भी हमला, ‘कौशल जी’ से बात की धमकी पुल निर्माण स्थल पर हमला करने के बाद उग्रवादी कबरा के ही गरवईया टोला पहुंचे, जहां जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था। यहां भी उग्रवादियों ने दो राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। मजदूर जान बचाने के लिए छिप गए, लेकिन उग्रवादियों ने उन्हें ढूंढ निकाला और उनके साथ मारपीट की। वारदात के बाद से दोनों निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूर इतने सहमे हुए हैं कि उन्होंने काम पर लौटने से इनकार कर दिया है। उग्रवादियों ने जाते-जाते अपनी पहचान टीएसपीसी संगठन के रूप में बताई और ठेकेदारों व मुंशियों को चेतावनी दी कि “जब तक कौशल जी से बात नहीं होगी, तब तक एक इंच भी काम आगे नहीं बढ़ेगा।” इसके साथ ही उन्होंने संपर्क के लिए तीन मोबाइल नंबर भी जारी किए, जिसे पुलिस लेवी की सीधी मांग मान रही है। एसपी पहुंचे मौके पर, विशेष टीम गठित घटना की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी स्वयं दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मजदूरों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। एसपी के निर्देश पर टंडवा थाना प्रभारी अनिल उरांव, एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार और एसआई नवमी सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें जंगल और संभावित उग्रवादी ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। लेवी के लिए की गई इस कायराना हरकत में शामिल उग्रवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Source link

