जमुई में समृद्धि यात्रा की तैयारी तेज:डीएम ने योजनाओं की समीक्षा की, सात निश्चय-2 पर जोर, सोलर स्ट्रीट लाइट में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
जमुई में मुख्यमंत्री की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ की तैयारियों को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने की। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक और जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा कार्यक्रम की प्रारंभिक रूपरेखा पर चर्चा हुई। ‘सात निश्चय-2’ के सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय-2’ के सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ‘युवा शक्ति बिहार की प्रगति’ और ‘सशक्त महिला-सक्षम महिला’ के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाली किस्तों के भुगतान में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय समन्वय पर जोर दिया। स्ट्रीट लाइट की गुणवत्ता की भी समीक्षा
डीएम ने ‘हर खेत तक सिंचाई का पानी’ पहुंचाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिले की सभी जलाशय योजनाओं की अद्यतन स्थिति का भौतिक सत्यापन कराने और तकनीकी बाधाओं को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। वहीं ‘स्वच्छ गाँव-समृद्ध गाँव’ और ‘स्वच्छ शहर-विकसित शहर’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट की गुणवत्ता और वार्डों में उनकी स्थापना की भी समीक्षा की गई। पंचायत राज पदाधिकारी को सख्त कार्रवाई का निर्देश
सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला पंचायत राज पदाधिकारी को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही ‘सुलभ संपर्कता’ के तहत छूटे हुए टोलों को मुख्य सड़कों से जोड़ने और नल-जल योजना के अवशेष कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा। बैठक में मुख्यमंत्री के संभावित रूट, सुरक्षा व्यवस्था और सभा स्थलों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
Source link

