जयपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत, सड़कों पर लंबी लाइनें:कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से रेस्टोरेंट परेशान, घरेलू गैस और सीएनजी के लिए भी लगी लंबी कतारें
शहर में गैस सप्लाई को लेकर स्थिति बिगड़ती नजर आ रही है। एक ओर कॉमर्शियल सिलेंडर को लेकर रेस्टोरेंट और होटल संचालकों में मारामारी की स्थिति बनी हुई है, वहीं अब घरेलू सिलेंडर के लिए भी लोग सड़कों पर लाइन में खड़े दिखाई दे रहे हैं। कई जगह गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं और समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सीएनजी पंप पर ऑटो और कारों की लंबी कतार
गैस की कमी का असर सीएनजी और एलपीजी पंपों पर भी दिखाई दे रहा है। गोपालपुरा बाईपास स्थित सीएनजी पंप पर गैस भरवाने के लिए ऑटो और कारों की लंबी लाइन लग गई। हालात यह रहे कि सड़क पर ऑटो की कतार एक किलोमीटर से ज्यादा तक पहुंच गई और ड्राइवर कई-कई घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
प्रशासन की अपील, पैनिक न फैलाएं
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराहट में गैस जमा करने की कोशिश न करें और पैनिक न फैलाएं। अधिकारियों का कहना है कि गैस सप्लाई की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और हालात को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
कालाबाजारी की भी मिल रही शिकायतें
गैस की कमी के बीच कॉमर्शियल और घरेलू दोनों तरह के सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि कुछ जगह जरूरत का फायदा उठाकर अधिक कीमत लेकर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे आम लोगों के साथ-साथ रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की परेशानी और बढ़ रही है।
Source link

