जहानाबाद में सिगरेट विवाद पर गोलीबारी, एक घायल:पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया, देसी कट्टा बरामद
जहानाबाद के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में सिगरेट पीने को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हुई। इस घटना में पुटुस कुमार नामक एक व्यक्ति को गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले विमलेश कुमार और पुटुस के भाई अमित कुमार के बीच सिगरेट पीने को लेकर विवाद हुआ था। अमित कुमार ने बताया कि जब वह लाइब्रेरी से लौट रहा था, तो विमलेश उसके घर के पास सिगरेट पी रहा था। अमित ने उसे सिगरेट पीने से मना किया, जिससे विमलेश नाराज हो गया। विमलेश ने अपने रिश्तेदार मंटू कुमार उर्फ विक्की (ओकरी थाना क्षेत्र के पखरपुर निवासी) को फोन कर बुलाया। मंटू अपने साथियों के साथ अमित को निशाना बनाने आया, लेकिन अमित नहीं मिला। इसके बाद उसने अमित के भाई पुटुस पर गोली चला दी। पुटुस को दाहिनी जांघ और बाएं हाथ में दो गोलियां लगीं। गोलीबारी आपसी विवाद का परिणाम
गोली चलाने के बाद आरोपी भागने लगे, लेकिन गांव वालों ने मंटू कुमार उर्फ विक्की को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की, जिससे वह भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों और मखदुमपुर थाने की पुलिस की मदद से दोनों घायलों, पुटुस कुमार और मंटू कुमार उर्फ विक्की, को रेफरल अस्पताल मखदुमपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने पुटुस कुमार को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया। वहीं, मारपीट में घायल मंटू कुमार उर्फ विक्की को पहले जिला अस्पताल और फिर मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। ग्रामीणों ने घटना स्थल से दो देसी कट्टे भी छीने। एसीडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि यह गोलीबारी आपसी विवाद का परिणाम है। पुलिस ने गोली चलाने वाले दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है और उनके पास से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीणों द्वारा मारपीट किए जाने के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link

