डीडवाना-कुचामन पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार किए:उनके पास से डोडा पोस्त और अफीम बरामद
डीडवाना में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए परबतसर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से डोडा पोस्त और अफीम बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी मुकेश पुरी के पास से 2 किलो 321 ग्राम डोडा पोस्त चुरा और 63 ग्राम अफीम जब्त की। वहीं, दूसरे आरोपी राजेंद्र के कब्जे से 2 किलो 120 ग्राम डोडा पोस्त का छिलका बरामद किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर नेमीचंद खारिया (आरपीएस) और वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल (आरपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी परबतसर सुमन बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर टीम गींगोली रोड बाईपास स्थित एक कृषि फार्म पर पहुंची। वहां दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा और तलाशी के दौरान अवैध मादक पदार्थ बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक गोपाल सिंह, कांस्टेबल कमलेश कुमार, भंवर लाल, राजू गुर्जर और महिला कांस्टेबल पिंकी सहित अन्य जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link

