तेज-रफ्तार ट्रक ने पुल पर खड़े ट्रक को टक्कर मारी:जोरदार टक्कर में पहिया निकला बाहर, खाना खा रहा ड्राइवर बाल-बाल बचा
बालोद शहर के पर्यावरण पार्क के आगे दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग स्थित गोंदली नहर पुल के पास शनिवार सुबह 11 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आयरन ओर (कच्चा लोहा) से भरा तेज रफ्तार ट्रक पुल किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि टक्कर मारने वाले ट्रक का सामने का पहिया टूटकर बाहर निकल गया और वाहन के पुर्जे डैमेज हो गए। घटना में दोनों ट्रकों के ड्राइवर बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, गौतम उइके के ट्रक को ड्राइवर तामेश्वर साहू कच्चा लोहा लेकर रायपुर स्थित गोदावरी प्लांट जा रहा था। बालोद शहर में प्रवेश करने से पहले वह गोंदली नहर पुल किनारे ट्रक खड़ा कर खाना खाने के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रहे आयरन ओर से भरे दूसरे ट्रक ने खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। सामने से आ रहे ट्रक ने नहीं दी साइड – ड्राइवर भानुप्रतापपुर निवासी सीता देवी के ट्रक को चला रहे ड्राइवर छत्रपाल सिंह ने बताया कि वह भी कच्चा लोहा लेकर जा रहा था। पुल के पास सामने से आ रहे ट्रक को रुकने के लिए उसने पासिंग सिग्नल दिया, लेकिन सामने वाला वाहन नहीं रुका। टक्कर से बचने के प्रयास में उसने अपने वाहन को साइड किया, लेकिन नियंत्रण बिगड़ने से ट्रक पुल किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया। टक्कर में पहिया टूटा, कई टायर फटे हादसे में टक्कर मारने वाले ट्रक का सामने का पहिया और बीच का पहिया टूटकर बाहर आ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक के लोहे के पुर्जे भी बाहर निकल गए। चालक तामेश्वर साहू ने बताया कि टक्कर के समय ट्रक में जोरदार झटका लगा और एक साथ तीन से चार टायर फटने से विस्फोट जैसी आवाज हुई। उन्होंने कहा कि हादसे में उनकी कोई गलती नहीं थी, इसके बावजूद वाहन मालिक उनसे नाराजगी जता रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
Source link

