दरभंगा में अलग-अलग हादसों में तीन की मौत:गाड़ी ने 2 महिलाओं को मारी टक्कर; डूबने से बच्चे की गई जान
दरभंगा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क और डूबने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसों के बाद संबंधित गांवों में मातम पसरा है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है। बहेड़ी में ट्रक की ठोकर से महिला की मौत जिले के बहेड़ी प्रखंड क्षेत्र के छपकी दोहट नारायण गांव में सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों महिलाएं गंगदह चौक स्थित ग्रामीण हाट से सब्जी खरीदकर पैदल घर लौट रही थीं। सगुनिया मोड़ के पास बहेड़ी से बहेड़ा की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर दोनों को ठोकर मार दी। हादसे में गांव के विनोद पंडित की करीब 34 साल की पत्नी समतोला देवी की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। मदन पंडित की पत्नी कंचन देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को स्थानीय लोगों ने तत्काल बहेड़ी पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने समतोला देवी को मृत घोषित कर दिया। घायल कंचन देवी को बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर गंगदह गांव में एसएच-88 पर ट्रक को पकड़ लिया। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।
मृतका के पति विनोद पंडित चेन्नई में मजदूरी करते हैं। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए DMCH भेज दिया। फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। सिंघिया-दरभंगा मुख्य पथ पर युवक की मौत दूसरी घटना बिरौल थाना क्षेत्र के इटवा शिवनगर पंचायत अंतर्गत बराही गांव की है। यहां लक्ष्मी मांझी के 24 साल के बेटे राजेश मांझी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
बताया जाता है कि राजेश अपनी बहन से मिलने समस्तीपुर के गोठानी गए थे।वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिंघिया-दरभंगा मुख्य पथ पर फुल्हारा स्थित गैस एजेंसी के समीप अज्ञात पिकअप वैन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और चालक फरार हो गया। घटना स्थल पर ही राजेश की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। सोमवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक 12वीं पास था और दूसरे प्रदेश में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। एक महीने पहले ही घर आया था। वह दो बहन और दो भाइयों में सबसे छोटा था। तालाब में डूबने से एक साल के बच्चे की मौत बहेड़ा थाना क्षेत्र के कोठबन्ना गांव में एक हादसे में एक वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रवण पासवान के बेटे आलोक कुमार के रूप में हुई है। बच्चा घर के पीछे खेल रहा था। खेलते-खेलते वह कब तालाब में चला गया, इसका पता ही नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने उसे तालाब से निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु डीएसपी रौशन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तीनों घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सभी मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link

