नाबालिग बालिका पश्चिम बंगाल से बरामद, हाईजेकर अरेस्ट:दो माह पहले हुआ था अपहरण, नालंदा का है आरोपी युवक
शेखपुरा के सदर प्रखंड अंतर्गत हथियावा थाना क्षेत्र के एक गांव से दो माह पहले अपहृत 15 वर्षीय बालिका को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से बरामद कर लिया है। इस मामले में अपहर्ता युवक को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपहर्ता की पहचान नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के मंदिलपुर निवासी मिथिलेश यादव के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने वैज्ञानिक पद्धति से अपहर्ता के मोबाइल के टावर लोकेशन के आधार पर पश्चिम बंगाल पहुंचकर उसे धर दबोचा। गिरफ्तार अपहर्ता और बरामद बालिका को सोमवार को पश्चिम बंगाल से शेखपुरा लाया गया। बालिका को कोर्ट में प्रस्तुत कर बयान दर्ज कराया जा रहा है, जबकि गिरफ्तार आरोपी को शेखपुरा जेल भेज दिया गया है। हथियावा थाना अध्यक्ष वैभव कुमार ने बताया कि अपहृत बालिका की मां ने स्थानीय थाने में अपहरण से संबंधित प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि इस कांड के अनुसंधान पदाधिकारी सह पुलिस सब इंस्पेक्टर गौतम कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल पहुंचकर दोनों को अपने कब्जे में लिया। युवक बालिका को लेकर मुर्शिदाबाद में छिपाए हुए था अनुसंधान पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपहर्ता बालिका को अपने साथ लेकर मुर्शिदाबाद में छिपाए हुए था। अपहरण के बाद वह विभिन्न मोबाइल सिमों से अपने परिचितों से बात करता था और दूसरों से वाईफाई लेकर व्हाट्सएप कॉलिंग भी करता था। वह अक्सर सिम बदलने और कॉल के बाद मोबाइल बंद कर देता था, जिससे पुलिस को उस तक पहुंचने में परेशानी हो रही थी। हालांकि, वैज्ञानिक पद्धति की मदद से पुलिस अपहर्ता के ठिकाने तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तार युवक की बहन की शादी लड़की के गांव में हुई है, जिसके कारण उसका वहां आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान उसने लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया।
Source link

