पत्नी गिरफ्तार, पति को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप:अवैध संबंधों को लेकर दोनों में झगड़ा होता था, पुलिस ने 12 घंटे में पकड़ा
बूंदी की डाबी पुलिस ने पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसकी पत्नी रूबी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अवैध संबंधों से जुड़े एक मामले में की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि उसका बड़ा भाई सत्यनारायण (47), निवासी धनेश्वर, डाबी में मजदूरी करता था। सत्यनारायण अपनी पत्नी रूबी और दो छोटे बच्चों के साथ डाबी में रह रहा था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि सत्यनारायण की पत्नी रूबी और मकान मालिक के बेटे युवराज के बीच प्रेम प्रसंग और अनैतिक संबंध थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। इन झगड़ों के कारण सत्यनारायण अपने दोनों बच्चों को लेकर अपने पैतृक गांव बारां चला गया था। करीब 7-8 दिन पहले, रूबी और उसके भाई नवीन ने कथित तौर पर एक षड्यंत्र रचा। उन्होंने सत्यनारायण को बार-बार फोन करके डाबी आने और गांव से 20 हजार रुपए लाने के लिए दबाव डाला। इसके बाद सत्यनारायण अपनी मोटरसाइकिल से बच्चों के साथ डाबी लौट आया। दो-तीन दिन बाद पीड़ित ने अपने भाई सत्यनारायण के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद था। पीड़ित अपने भाई सोनू के साथ डाबी पहुंचा, लेकिन सत्यनारायण का कोई पता नहीं चला। आसपास पूछताछ करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली। इस रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर डाबी थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मृतक सत्यनारायण की मौत के पीछे पत्नी के अवैध संबंधों को मुख्य कारण मानते हुए त्वरित कार्रवाई की और 12 घंटे के भीतर आरोपी पत्नी रूबी को गिरफ्तार कर लिया।
Source link

