पलवल में हिमाचल की महिला नशा तस्कर अरेस्ट:बस स्टैंड के पास खड़ी, तलाशी में मिली चरस, ड्रग मनी और मोबाइल फोन जब्त
पलवल में हथीन सीआईए (एवीटी) टीम ने पलवल बस स्टैंड के पास से एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 2 किलो 216 ग्राम चरस बरामद की गई है। शहर थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआईए (एवीटी) स्टाफ हथीन प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया ने बताया कि 23 मार्च को एएसआई विरेंद्र सिंह के नेतृत्व में उनकी टीम गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि पलवल बस स्टैंड के पास एक महिला नशीला पदार्थ लेकर खड़ी है। कुल्लू की रहने वाली है आरोपी महिला सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध महिला को काबू किया। पूछताछ में महिला की पहचान जिला कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) निवासी नारोती देवी के रूप में बताई। महिला को उसके कानूनी अधिकार बताते हुए राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी की प्रक्रिया अपनाई गई। डीएसपी पलवल साहिल ढिल्लों की उपस्थिति में महिला पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध महिला की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके शरीर से टेप में लिपटा एक पैकेट मिला, जिसमें 9 पोटलियों में चरस पाई गई। मोबाइल फोन किया गया जब्त इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर कुल 2 किलो 216 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके अलावा, पुलिस ने उसके पास से 6020 रुपए, आधार व पैन कार्ड और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया। पुलिस ने बरामद चरस को सील कर कब्जे में ले लिया है। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच ईएसआई हकमुद्दीन को सौंपी गई है।
Source link

