पलामू में सवा करोड़ रुपए का डोडा जब्त:बाइक से स्कॉर्ट कर रहे दो तस्कर गिरफ्तार, पिकअप चालक फरार
पलामू जिले के नौडीहा और छत्तरपुर थाना क्षेत्र की सीमा से सटे जंगलों में पुलिस ने डोडा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 1.25 करोड़ रुपए मूल्य का 815 किलोग्राम डोडा जब्त किया है। इस कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल हो रहे पिकअप वाहन का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस को शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम जवाड़ के जंगल क्षेत्र से भारी मात्रा में डोडा की खरीद-बिक्री और परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित कर इलाके में छापेमारी शुरू की। जंगल के रास्ते चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। इस पर सवार दो युवक आगे-आगे चल रहे थे। पूछताछ के दौरान ही पीछे आ रहा पिकअप वाहन कुछ दूरी पर रुक गया और उसका चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब बाइक सवारों से सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने खुलासा किया कि वे पिकअप में लदे अफीम डोडा को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्कॉर्ट कर रहे थे। उनका उद्देश्य था कि माल बिना किसी समस्या के सीधे व्यापारी तक पहुंचाया जा सके। पुलिस ने पिकअप वाहन से 60 प्लास्टिक बोरे में भरा लगभग 815 किलोग्राम डोडा बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छत्तरपुर थानाक्षेत्र के रजडेरवा निवासी विजय परहिया (25) और नावाजयपुर थाना के कोल्हुआ (रोल) निवासी प्रमोद यादव (40) के रूप में हुई है। दोनों पलामू जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। छतरपुर एसडीपीओ अवध यादव ने बताया कि इस मामले में नौडीहा बाजार थाना में NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब फरार पिकअप चालक और इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, यह मामला एक संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है, जिसमें स्थानीय स्तर पर रेकी कर बड़े व्यापारियों तक माल पहुंचाया जाता है।
Source link

