पश्चिम बंगाल के मछली व्यवसायियों को बंधक बनाकर लूट,2 गिरफ्तार:रातभर कमरे में बंद रखा, नगदी रकम के साथ ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कराए रुपए
पश्चिम बंगाल से मछली का कारोबार करने आए दो व्यापारियों को सरगुजा में कुछ युवकों ने अगवा कर लिया और बंधक बना लिया। इनके पास से 35 हजार रुपए नगद लूट ली। युवकों ने दोनों व्यापारियों को जान से मारने की धमकी दी और दो लाख रुपए की मांग की। दबाव में आकर व्यापारियों ने यूपीआई से पैसे ट्रांसफर कर दिए। आज सुबह दोनों व्यापारियों को छोड़ दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के 24 परगना से मछली व्यवसायी अरुप दास अपने साथी के साथ अंबिकापुर पहुंचे थे। दोनों बस स्टैंड के पास मानस होटल में रुके और घूम-घूम कर स्थानीय मछली विक्रेताओं से संपर्क कर रहे थे। बुधवार, 3 फरवरी की शाम, वे मौलवी बांध तालाब की ओर मछली देखने जा रहे थे। तभी एक स्कूटी और एक बाइक पर सवार 4 युवक मौके पर आए और दोनों को रोककर पूछताछ करने लगे। लूटे रुपए, धमकी देकर बंधक बनाया युवकों को व्यापारियों ने बताया कि वे कोलकाता से आए मछली व्यापारी हैं। इसके बाद युवकों ने अरुप कुमार और उसके साथी से 35 हजार रुपए नगद, मोबाइल और पर्स लूट लिए। दोनों को जान से मारने की धमकी देकर एक कमरे में बंद कर दिया। युवकों ने व्यापारियों से दो लाख रुपए की मांग की और कहा कि पैसे नहीं दिए तो उन्हें मार देंगे। धमकाने के बाद उन्होंने व्यापारियों के UPI अकाउंट से एक लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। गुरुवार सुबह दोनों व्यापारियों को छोड़ दिया गया और युवक वहां से भाग गए। दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार दोनों व्यापारियों ने घटना की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। साइबर सेल और कोतवाली पुलिस टीम ने UPI ट्रांजेक्शन हिस्ट्री की मदद से आरोपियों का पता लगाया। दो आरोपियों अलताब खान (21 वर्ष), रघुनाथपुर, लुण्ड्रा और शरद चौधरी (22 वर्ष), दर्रीपारा, अंबिकापुर को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर यह घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। लूट की रकम आरोपियों के खाते में जमा कराई गई थी। पुलिस ने उनके बैंक खाते होल्ड कर दिए हैं। आरोपियों के पास से 3 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। घटना में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है। कोतवाली थाना प्रभारी शशि कांत सिन्हा ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Source link

