पहाड़ों पर बर्फबारी से पंजाब-चंडीगढ़ में फिर बढ़ी ठंड:आज 3 जिलों में बारिश की संभावना; कल तेज हवाएं और ओले गिरने की चेतावनी
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण पंजाब और चंडीगढ़ में सुबह-शाम के वक्त ठंड काफी बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 3.6 डिग्री नीचे बना हुआ है। सोमवार को मौसम विभाग की तरफ से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, हिमाचल प्रदेश से लगते पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 27 से 29 जनवरी तक तेज हवाओं, बिजली चमकने, ओले गिरने और घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में सबसे कम तापमान 3.4 डिग्री फिरोजपुर में दर्ज किया गया। बठिंडा में शीत लहर का असर देखा गया। न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री से 7.5 डिग्री के बीच और अधिकतम तापमान 13.7 डिग्री से 17.2 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। आज फिर एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) जम्मू और हिमाचल प्रदेश के आसपास बना हुआ है। इसका असर हिमाचल और पास के पंजाब इलाकों में दिख रहा है। ऊंचाई पर हवाओं की एक लंबी पट्टी (ट्रफ) भी बनी हुई है। जो मौसम में बदलाव ला रही है। इसके अलावा, एक और हवा का दबाव क्षेत्र दक्षिण पंजाब से लेकर राजस्थान होते हुए कच्छ (गुजरात) तक फैला हुआ है। ऐसे में 27 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, बिजली चमक सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं। जिनकी रफ्तार 40–50 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 27 जनवरी को कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना है। इसके बाद 30 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। 27 जनवरी को बारिश की संभावना मौसम विभाग के निदेशक के अनुसार, राज्य में 27 जनवरी को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 26 और 28 तारीख को कुछ चुनिंदा इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले 2 दिनों में तापमान 4 से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है, और फिर उसके बाद 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। आने वाले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम
Source link

