पाकुड़ में सड़क हादसा; एक की मौत:ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार मरा, सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रणडांगा गांव के पास सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान इलामी पंचायत निवासी इमरान शेख के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार इमरान अपनी मोटरसाइकिल से पाकुड़ शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इशाकपुर पंचायत स्थित रणडांगा गांव के समीप इलामी–पाकुड़ मुख्य सड़क पर विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इमरान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने घायल इमरान शेख को इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रैक्टर चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के गांव इलामी में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया ग्रामीणों के अनुसार इमरान शेख अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके सात छोटे बच्चे हैं, जिनमें चार बेटे और तीन बेटियां शामिल हैं। कुछ समय पहले ही उनकी बड़ी बेटी की शादी तय हुई थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। इमरान पाकुड़ शहर में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि इलामी–पाकुड़ मुख्य सड़क पर तेज गति से वाहन चलते हैं, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
Source link

