पैरेंट्स पूछ रहे- कब मिलेगी मेरी बेटी:चतरा में 20 दिन से गायब है रानू कुमारी, पिकनिक पर गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी
चतरा जिले से एक 14 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गिद्धौर थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी निर्मल राणा की बेटी मुन्नी कुमारी उर्फ रानू कुमारी बीते 20 दिनों से लापता है। घटना 28 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, मुन्नी घर के पास ही अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गई थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह शाम तक लौट आएगी, लेकिन देर रात तक भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से लगातार दो दिनों तक आसपास के इलाकों, जंगल और पहाड़ियों में खोजबीन की गई, लेकिन किशोरी का कहीं कोई पता नहीं चल सका। लिखित शिकायत के बाद भी पुलिस चुप परिजनों का आरोप है कि उन्होंने 31 दिसंबर को ही गिद्धौर थाना में मुन्नी की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने शुरुआती 10 दिनों तक मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का कहना है कि 10 जनवरी के बाद ही पुलिस हरकत में आई। तब जाकर तलाश अभियान शुरू किया गया। इस देरी को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो शायद अब तक मुन्नी का सुराग मिल गया होता। 20 दिन बीत जाने के बाद भी किशोरी का कोई पता नहीं चलना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। ड्रोन से तलाश, गांव में दहशत का माहौल मामले की गंभीरता को देखते हुए अब पुलिस ने सघन जंगलों और पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए ड्रोन कैमरों से इलाके की निगरानी की जा रही है। कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर खोजबीन में जुटी हुई हैं। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। मुन्नी के पिता निर्मल राणा और उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में सन्नाटा पसरा हुआ है और पूरा गांव इस घटना से सहमा हुआ है। परिजनों को आशंका है कि कहीं किसी गिरोह का हाथ तो नहीं, जैसा हाल ही में रांची में सामने आया था। परिजन प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए।
Source link

