बाइक-पिकअप टक्कर में युवक की मौत:होली पर रिश्तेदार के घर जा रहा था 25 वर्षीय गोविंद
बैतूल-खंडवा स्टेट हाईवे पर मोहदा के पास एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रतू मर्सकोले के ढाबे के पास बाइक और पिकअप की टक्कर हुई। मृतक की पहचान बसींदा निवासी गोविंद (25) पिता बिरजू के रूप में हुई है। बुधवार रात वह अपनी मोटरसाइकिल से मोहदा की ओर जा रहा था। तभी बैतूल की दिशा से आ रही पिकअप क्रमांक एमपी 48 सी 2990 ने उसे टक्कर मार दी। गोविंद की मौके पर ही मृत्यु हो गई। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भागने लगा। हालांकि, नादा के पास कुछ लोगों ने पिकअप को रोक लिया। चालक और कंडक्टर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मोहदा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पिकअप को जब्त कर थाने ले आई। बताया गया है कि मृतक गोविंद खेती का काम करता था। वह होली मनाने के लिए अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था। उसके परिवार में छह माह का एक छोटा बच्चा भी है। मोहदा थाना प्रभारी वी.के. मौर्य ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पिकअप चालक फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मृतक का पोस्टमार्टम भीमपुर अस्पताल में कराया जा रहा है।
Source link

