बीजापुर में बुलडोजर कार्रवाई के बाद सियासत तेज:भाजपा ने 25 कांग्रेसियों की सूची बताई, कांग्रेस ने नाम सार्वजनिक करने को कहा
बीजापुर में बुलडोजर कार्रवाई के बाद अवैध अतिक्रमणकारियों के नाम सार्वजनिक करने को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। चट्टानपारा में 118 मकानों को तोड़े जाने के बाद कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। कांग्रेस ने पहले भाजपा नेता और ठेकेदार संजय लुंकड़ पर अवैध जमीन कब्जे का आरोप लगाया था। इसके जवाब में भाजपा ने जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे और पुरुषोत्तम सल्लूर पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। कांग्रेस ने आज गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा जिलाध्यक्ष पर भी जमीनों के अवैध अतिक्रमण का आरोप लगाया। विधायक बीजापुर ने कहा कि जब जवान नक्सलियों के खिलाफ जंग लड़ रहे थे, तब अधिकारी उनके घरों को तोड़कर परिवारों को बेघर कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बेघर हुए लोगों को बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। नीना रावतिया ने निष्पक्ष जांच की मांग की विधायक निवास में हुई प्रेस वार्ता में नीना रावतिया उद्दे ने भाजपा जिलाध्यक्ष और संजय लुंकड़ पर अवैध अतिक्रमण का आरोप दोहराया। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वालों की सरकार है और वह निष्पक्ष जांच के लिए तैयार हैं, लेकिन भाजपा के कई नेताओं के अवैध कब्जों की भी जांच होनी चाहिए। भाजपा ने 25 कांग्रेसियों के अवैध अतिक्रमण का दावा किया इससे पहले, भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, सांसद प्रतिनिधि जिलाराम राणा और महामंत्री संजय लुंकड़ ने एक प्रेस वार्ता में नीना रावतिया उद्दे और पुरुषोत्तम सल्लूर के साथ-साथ 25 अन्य कांग्रेसियों के अवैध अतिक्रमण की सूची होने का दावा किया था। इस पर विधायक विक्रम मंडावी ने पलटवार करते हुए भाजपा नेताओं से उन 25 कांग्रेसियों के नाम सार्वजनिक करने की चुनौती दी। बीजापुर में बुलडोजर कार्रवाई अब पूरी तरह से सियासी वार-पलटवार में बदल गई है, जहां दोनों प्रमुख दल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
Source link

