बुरहानपुर में तीन ईदगाहों पर अदा हुई ईद की नमाज:रोजों के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद और बांटी सिवैयां; सुरक्षा में ड्रोन से निगरानी
बुरहानपुर में मुस्लिम समाज ने शनिवार को ईदुल फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया। शहर की तीन प्रमुख ईदगाहों और सभी मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा की गई। एक माह तक रोजे रखने के बाद चांद दिखने पर यह त्योहार मनाया जाता है। शाही जामा मस्जिद के अतिरिक्त सिंधी बस्ती स्थित शाही ईदगाह में सुबह 7:15 बजे, सिलमपुरा स्थित फारूकी ईदगाह में सुबह 7:30 बजे और गणपति नाका स्थित कदमे रसूल ईदगाह में सुबह 7:15 बजे ईदुल फितर की नमाज अदा की गई। इस दौरान देश और दुनिया में अमन, शांति तथा भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गईं। गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं
नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं। समाजजन एक-दूसरे के घरों पर पहुंचे और शिरखुरमा व सिवैयां खिलाकर मुंह मीठा कराया, जिससे त्योहार की खुशियां और बढ़ गईं। बच्चों में भी इस दौरान खासा उत्साह देखा गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव भी बुरहानपुर पहुंचे। उन्होंने ईदगाह पर मुस्लिम समाज के लोगों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर अन्य कांग्रेस नेता भी उपस्थित थे।
Source link

