बेमौसम बारिश से फसलें खराब, किसान मोर्चा ने मांगा मुआवजा:पलवल में बैठक की; बोले- 50 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजे दे सरकार
पलवल जिले में बेमौसम बारिश और आंधी के कारण गेहूं और सरसों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस संबंध में सोमवार को संयुक्त किसान मोर्चा की एक बैठक जाट धर्मशाला में की। बैठक में किसानों ने सरकार से प्रभावित फसलों के लिए मुआवजे की मांग की। किसान मोर्चा के नेता मास्टर महेंद्र सिंह चौहान और किसान सभा के जिला प्रधान रूप राम तेवतिया ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि बेमौसम बारिश से लाखों एकड़ जमीन में फसलें खराब हुई हैं। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले खरीफ फसल में भी भारी बारिश, जलभराव और बाढ़ के कारण लाखों एकड़ फसल नष्ट हो गई थी। हजारों एकड़ जमीन में रबी फसल की बुवाई भी नहीं हो पाई थी। किसान नेताओं ने सरकार पर लगाया आरोप नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद सरकार ने प्रभावित किसानों को कोई मुआवजा नहीं दिया, जो किसानों के साथ अन्याय है। संयुक्त किसान मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपए प्रति एकड़ का मुआवजा दिया जाए। फसल खरीद नियमों पर चिंता व्यक्त की मोर्चा ने हरियाणा सरकार द्वारा रबी फसल की खरीद के लिए बनाए गए नए नियमों पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि इन नियमों से किसानों में असमंजस है और अनपढ़ किसान इन औपचारिकताओं को पूरा नहीं कर सकते। इन सभी मांगों को लेकर किसान मोर्चा 26 मार्च को पलवल के डीसी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेगा और डीसी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन सौंपेगा।
Source link

