भिवानी में सह चिंतन दिवस कार्यक्रम का आयोजन:स्काउट्स एंड गाइड्स ने समाजसेवा व राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
भिवानी में द हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स चंद्रशेखर आजाद ओपन ग्रुप, जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय एवं राज्य मुख्यालय के आदेशानुसार विश्व स्काउटिंग दिवस एवं चिंतन दिवस का आयोजन प्रशिक्षण केंद्र में किया। कार्यक्रम ग्रुप लीडर (आरएसएल) सागर सज्जन सिंह एवं ग्रुप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण गौड़ के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सह ग्रुप लीडर (एआरएसएल) अमित कुमार ने की। सह ग्रुप लीडर अमित कुमार ने कहा कि स्काउट्स एंड गाइड्स आज विश्व भर में अपनी पहचान का परचम लहरा रहा है। आपदा के समय में स्काउट-गाइड बिना किसी संकोच के देश की सीमाओं पर खड़े जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते हैं। कोरोना काल में भी चंद्रशेखर आजाद ओपन ग्रुप भिवानी ने लगातार जरूरतमंदों तक भोजन एवं दवाइयों की व्यवस्था करवाई। यूनिट के रोवर्स-रेंजर्स द्वारा पिछले साढ़े तीन वर्षों से नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत शहरों व गांवों में साइकिल रैली के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभाव बताए जा रहे हैं। ग्रुप लीडर (आरएसएल) सागर सज्जन सिंह के प्रयासों से चंद्रशेखर आजाद ओपन ग्रुप भिवानी के मुख्यालय में ई-पुस्तकालय की स्थापना की गई है। सह ग्रुप लीडर सुनील वर्मा ने बताया कि ग्रुप में इस प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाता है कि हमारे स्वयंसेवक आपदा के समय जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस परेड में भी स्काउट-गाइड पुलिस के साथ सहभागिता करते हैं। यह संगठन बच्चों के साथ-साथ समाज के बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ग्रुप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण गौड़ एवं गाइड रेंजर कैप्टन पुष्पा देवी द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जल संकट बढ़ जाता है, इसलिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए। इस अवसर पर सीनियर रोवर नितेश कुमार, सीनियर रोवर हिमांशु भाटी, मीडिया कोऑर्डिनेटर ध्रुव अग्रवाल, सीनियर रोवर कम बैंड मास्टर विजय अहिरवार, रोवर पुनीत शाह, विवेक, हर्षित, मयूर, विनय, माहिर, मयंक, पार्थ अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Source link

