मंडी के बालीचौकी में 15,855 अफीम के पौधे नष्ट:पुलिस ने अवैध खेती का किया भंडाफोड़, सैंपल जांच को भेजे, कार्रवाई की करवाई वीडियोग्राफी
मंडी जिले के बालीचौकी क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने राजस्व विभाग के पटवारी के साथ ग्राम खणी में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वेद प्रकाश की जमीन पर सेब और जापानी फलों के पेड़ों के बीच अवैध रूप से उगाई गई अफीम की फसल बरामद हुई। जांच के दौरान, मौके से कुल 15,855 अफीम के पौधे बरामद हुए। स्थानीय गवाहों की अनुपलब्धता के कारण, पुलिस कर्मियों और पटवारी को ही गवाह बनाया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई, ताकि साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 पौधों को सैंपल के तौर पर जब्त कर सील किया। शेष 15,840 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में थाना औट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई ज्ञान चंद कर रहे हैं। पुलिस नशे के खिलाफ सख्त मंडी के एसपी विनोद कुमार ने इस मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। एसपी ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी बताया कि मंडी पुलिस का नशा मुक्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है, ताकि समाज को इस बुराई से बचाया जा सके।
Source link

