मधुबनी के जल योद्धा उज्ज्वल-मंटू सम्मानित:जल संरक्षण का काम, केंद्रीय मंत्री ने दिया प्रशस्ति पत्र, दिल्ली से लौटे
मधुबनी जिले के जल योद्धा उज्ज्वल कुमार और मंटू कुमार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। मंत्री ने दोनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। उज्ज्वल कुमार और मंटू कुमार नमामि गंगे, मधुबनी से जुड़कर लंबे समय से नदियों की अविरलता, निर्मलता और पवित्रता बनाए रखने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। वें सम्मान प्राप्त कर बुधवार को दिल्ली से लौटे है। योद्धाओं को सम्मानित करना हमारे लिए गर्व की बात
उनके निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप, दोनों को 26 जनवरी को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड समारोह में भारत सरकार के विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ था। इस अवसर पर मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने कहा, “उज्ज्वल कुमार और मंटू कुमार जैसे जल योद्धाओं को सम्मानित करना हमारे लिए गर्व की बात है। इनके प्रयास जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं।” नमामि गंगे के डीपीओ आनंद अंकित ने इस अवसर पर कहा कि मधुबनी के इन जल योद्धाओं को मिला यह सम्मान न केवल जिले बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। यह आम लोगों को जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति और अधिक जागरूक होकर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
Source link

