मलिन बस्ती में 2 करोड़ की सड़क का शिलान्यास:बीजेपी एमएलसी ने शुभारंभ किया, ढाई किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी
चंदौसी की मलिन बस्ती में दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ढाई किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास किया गया। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त ने विधि-विधान पूर्वक पूजन के बाद इसका शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम सोमवार दोपहर 12:30 बजे जनपद संभल के चंदौसी कोतवाली कस्बा इलाके के मोहल्ला लोधियान मलिन बस्ती में आयोजित किया गया। लोक निर्माण विभाग की ओर से बनने वाली इस सड़क का शिलान्यास बीजेपी स्नातक एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच नारियल तोड़कर किया। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे तक चला। हालांकि, इस कार्यक्रम में चंदौसी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक और उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी और उनकी ब्लॉक प्रमुख बेटी डॉ. सुगंधा सिंह शामिल नहीं हुईं। मलिन बस्ती से बहजोई-मुरादाबाद लिंक मार्ग तक की यह सड़क ढाई किलोमीटर लंबी और 4.75 मीटर चौड़ी होगी, जिसका निर्माण दो करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण से मलिन बस्ती और बहजोई-मुरादाबाद लिंक मार्ग के बीच की दूरी कम हो जाएगी, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने बताया कि उन्होंने इस सड़क के निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया था। उन्होंने कहा कि 2017 में बीजेपी सरकार आने के बाद से हर छोटी-बड़ी योजना का क्रियान्वयन हो रहा है और लोक निर्माण विभाग द्वारा तय समय के भीतर इस सड़क का निर्माण पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय दर्जा राज्यमंत्री मंजू दिलेर, बीजेपी जिला मंत्री डॉ. विशाल चौहान, नगर पालिका बहजोई के बीजेपी चेयरमैन राजेश शंकर राजू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह, सभासद अमन कोली, सतीश अरोड़ा, राजकुमार ठाकरे सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
Source link

