महिला अफसरों ने मजदूर बनकर रिश्वतखोर आरक्षक पकड़ा:कटनी में गश्त के दौरान ट्रैक्टर रोककर रुपए मांगे; एसपी ने टीआई को हटाया, कांस्टेबल निलंबित
कटनी जिले के बहोरीबंद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दो महिला पुलिस अधिकारियों ने वेश बदलकर अवैध वसूली करते आरक्षक को पकड़ा। प्रशिक्षु डीएसपी शिवा पाठक और एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने मजदूर बनकर ट्रैक्टर पर सवार होकर ट्रैप ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई के बाद एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया को हटा दिया है और आरोपी आरक्षक को निलंबित कर दिया है। ट्रैक्टर पर मजदूर बनकर बैठी महिला अफसर एसपी को बहोरीबंद क्षेत्र में किसानों और ट्रैक्टर चालकों से अवैध वसूली की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। रणनीति के तहत सोमवार सुबह 5 बजे दोनों महिला अधिकारी बस स्टैंड पर अपनी सरकारी गाड़ियां छोड़, साधारण वेशभूषा में एक ट्रैक्टर पर सवार हो गईं। स्लीमनाबाद मोड़ के पास गश्त कर रहे थाना मोबाइल वाहन के चालक आरक्षक लक्ष्मण पटेल ने ट्रैक्टर को रोककर 500 रुपए की मांग की। जैसे ही आरक्षक ने चिह्नित नोट लिया, ट्रैक्टर पर बैठीं अफसरों ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने आरोपी आरक्षक को निलंबित कर दिया। थाना प्रभारी को हटाया, पहले भी विवादों में रहे वहीं अवैध वसूली और प्रशासनिक शिथिलता के आरोप में एसपी ने बहोरीबंद थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर फिलहाल टूआईसी धनंजय पांडेय को थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि थाना प्रभारी दाहिया पूर्व में स्लीमनाबाद में पदस्थापना के दौरान भी जुआ फड़ और वन्यजीव मांस के मामले में विवादों में रहे थे। एसपी बोले- भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
Source link

