मोगा में बच्चों के झगड़े ने लिया हिंसक रूप:मारपीट में गर्भवती महिला समेत पिता-पुत्र घायल; पुलिस ने शुरू की जांच
मोगा शहर के पुरानी चुंगी नंबर-3 क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में पिता-पुत्र सहित तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के डॉक्टरों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिविल अस्पताल में भर्ती गोल्डी सिंह , जो पुरानी चुंगी नंबर-3 का निवासी है, ने बताया कि विवाद की शुरुआत उनके बच्चों और पड़ोसियों के बच्चों के बीच हुए झगड़े से हुई थी। गोल्डी सिंह के अनुसार, जब उसे इस झगड़े का पता चला, तो वह बच्चों को शांत कराने और समझौता करवाने के लिए मौके पर पहुंचा। गाली-गलौच के बाद हमला करने का आरोप गोल्डी ने आरोप लगाया कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग वहां पहुंच गए और गाली-गलौच करने लगे। बात बढ़ने पर पड़ोसियों ने उस पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। जब उसकी पत्नी बीच-बचाव करने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। गोल्डी ने बताया कि उसकी पत्नी (लवली) नौ महीने की गर्भवती है, इसके बावजूद हमलावरों ने उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस घटना में गोल्डी, उसकी पत्नी और उसके पिता जोगा सिंह घायल हो गए। तीनों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक इलाज प्रदान किया। अस्पताल के इमरजेंसी स्टाफ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Source link

