मोगा सरपंच हत्याकांड में आरोपियों की पहचान:वारदात में प्रयुक्त फार्च्यूनर गाड़ी बरामद, गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी
मोगा के कस्बा बाघापुराना के गांव पत्तो हीरा सिंह के सरपंच हरविंद्र सिंह हैप्पी हत्याकांड मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई फार्च्यूनर गाड़ी बरामद कर ली है। डीएसपी बाघापुराना दलवीर सिंह ने बताया कि यह गाड़ी गांव कोट मानां, सिधवां बेट इलाके से मिली है। डीएसपी दलवीर सिंह के अनुसार, सरपंच हरविंद्र सिंह हैप्पी की हत्या की जांच गंभीरता से की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ बबलू निवासी गांव जैमलवाला और उसके साथियों की पहचान कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ पुलिस टीमें आरोपियों के रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही हैं, ताकि उनके ठिकानों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों को उम्मीद है कि आरोपी जल्द ही कानून की गिरफ्त में होंगे। गांव पत्तो हीरा सिंह के सरपंच हरविंद्र सिंह हैप्पी की हत्या के बाद से ही पुलिस मामले को सुलझाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपियों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Source link

