यमुनानगर में दो जगह फायरिंग:प्राइवेट अस्पताल और सिटी मॉल के बाहर चलाई गोलियां, मौके पर भारी पुलिस बल
यमुनानगर में शनिवार देर रात करीब 11 बजे शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वारदात स्थलों की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार पहली फायरिंग जगाधरी रोड स्थित मल्टी-स्पेशलिटी वरयाम अस्पताल के बाहर हुई। इसके कुछ ही देर बाद सिटी मॉल के बाहर भी अज्ञात युवकों ने गोलीबारी कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस की टीमें मौके पर कर रही जांच गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि लगातार दो जगह फायरिंग होने से आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा फायरिंग के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। फिलहाल शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।
Source link

