युवक-युवती के मर्डर में खून क्यों नहीं मिला:क्या प्रकाश ने ही शिवानी का चेहरा काटा; रायसेन के दोहरे हत्याकांड में कई बड़े सवाल
वह हमारी बिट्टू को खींचकर खेत में ले गया, उसने चिल्लाना शुरू किया तो हंसिए से उसके चेहरे पर वार किया। जब तक भाई पहुंचता आरोपी प्रकाश जंगल की तरफ भाग गया था। उसके बाद चार गांव के लोग इकट्ठा हो गए। वह उसे तलाश रहे थे, लेकिन उसे किसने मारा हमको नहीं पता। ये कहते हुए गीता देवी के चेहरे पर खौफ नजर आता है। वह आगे कहती है कि पुलिस बिना जांचे हमारे घर के 6 लोगों को उठा ले गई। गीता देवी रायसेन जिले के चौकी कमरोरा गांव में रहती है और शिवानी ऊर्फ बिट्टू की ताई है। बता दें कि 3 फरवरी की दोपहर इसी गांव में एक साथ दो हत्याएं हुईं। पहले आरोपी प्रकाश ने युवती शिवानी उर्फ बिट्टू को मारा और फिर गांव के लोगों ने मिलकर प्रकाश को मार-मारकर अधमरा कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। ये कहानी पुलिस भी कह रही है और गांव के लोग भी। पुलिस ने प्रकाश की हत्या के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। भास्कर की टीम जब इस गांव में पहुंची तो कुछ संदेहास्पद बातें नोटिस कीं, जिससे लगता है कि ये मामला वैसा नहीं है जैसा बताया जा रहा है। इन बातों को जब भास्कर की टीम ने पुलिस के साथ साझा किया तो अधिकारी बोले कि इस एंगल से जांच की जाएगी। आखिर क्या था ये पूरा मामला और वो कौन सी बातें है जो घटनाक्रम को लेकर संदेह पैदा करती है? पढ़िए रिपोर्ट खौफ और सन्नाटे में डूबा चौकी कमरोरा
रायसेन जिला मुख्यालय से 55 किलोमीटर दूर, यह गांव शहरी आबादी से इतना कटा हुआ है कि निकटतम थाना सुल्तानगंज भी यहां से 33 किलोमीटर दूर है। गोंड आदिवासियों की बहुलता वाले इस इलाके में पिछले 30-35 सालों में कुछ भील परिवार भी आकर बस गए हैं। दशकों से किसी बड़े अपराध का गवाह न बना यह शांत इलाका पिछले दो दिनों से पुलिस के सायरन और मीडिया की गाड़ियों से गूंज रहा है। जब हमारी टीम गांव पहुंची, तो शाम ढल चुकी थी। खेतों की मेड़ों और घरों के आंगनों में आग तापते इक्का-दुक्का लोग किसी भी बाहरी व्यक्ति को संदेह और डर से देख रहे थे। पूछने पर हम शिवानी के घर पहुंचे, जहां मातम पसरा था। परिवार के सबसे बड़े भाई भगवानदास दीवार और उनकी पत्नी गीता हमसे बात करने बाहर आए। भगवानदास ने रुंधे गले से बताया, “हम पांच भाई हैं। शिवानी मेरे दूसरे नंबर के भाई कुबेर की बेटी थी। तीन बहनों में सबसे छोटी और एक भाई। बहुत सीधी बच्ची थी। बड़ी बहन की शादी हो गई है। इस साल मंझली की शादी करने वाले थे और अगले साल इसकी शादी की तैयारी थी, लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। तभी पास खड़े एक ग्रामीण ने कहा, “इस कांड से एक नहीं, सात परिवार उजड़ गए हैं। हमारे गांव के छह परिवारों के बच्चे और मुखिया जेल चले गए और उधर प्रकाश के परिवार से भी अब यहां कोई नहीं है।” बेटी गई, बेटा जेल में, मैं कहां जाऊं?
घर के अंदर शिवानी के पिता कुबेर का दर्द असहनीय था। वह बिलखते हुए बोले, मैं रोज खेत पर सोता हूं, आज समझ नहीं आ रहा कि कहां जाऊं। सिर घूम रहा है। कल मेरी बेटी चली गई, और शाम को पुलिस मेरे बेटे ब्रजेश को भी ले गई। एक ही दिन में मेरी दुनिया उजड़ गई। अब मैं कहां जाऊं? वह कहते हैं, हमारे साथ जो हुआ, सो हुआ। दुख यह है कि गांव के दो और लोग हमारे चक्कर में जेल चले गए। उनके परिवार का क्या होगा? कुबेर बताते हैं, बेटे ब्रजेश के जेल जाने का दुख इसलिए भी बड़ा है क्योंकि उसकी पत्नी प्रीति अस्पताल में है। जिस दिन उसे गिरफ्तार किया उसी दिन घर में बेटी पैदा हुई। हमने बहू को अभी तक कुछ नहीं बताया। नशे और सनक का परिणाम, या कुछ और?
गांव के लोग प्रकाश के बारे में बात करने से डरते हैं। काफी कुरेदने पर मुन्नालाल नाम के एक ग्रामीण ने बताया, प्रकाश सनकी किस्म का था। महीनों बाहर रहता, ट्रक चलाता था। 8-10 दिन पहले ही लौटा था। तब से रोज शराब पीकर झगड़ा करता था। अपने मां-बाप को भी पीटा तो वे भाग गए। गांव की महिलाओं पर भी फब्तियां कसता था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह ऐसा कुछ कर देगा। इस मामले को देख रहीं बाड़ी की एसडीओपी नीलम चौधरी बताती हैं, युवती पर धारदार हथियार से हमला हुआ है। वहीं, युवक के शरीर पर अंदरूनी घाव हैं, जिन्हें लाठियों से पीटने से बने हैं। भास्कर की पड़ताल में उठे 8 बड़े सवाल
पुलिस और ग्रामीणों की कहानी सुनने में सीधी लगती है, लेकिन घटनास्थल का मुआयना और परिस्थितियों का एनालिसिस करने पर मामला संदेहास्पद लगता है… अफसर बोले- मामले की जांच कर रहे
जब इन पॉइंट्स को लेकर रायसेन के एडिशनल एसपी कमलेश खारपुसे से बात की, तो उन्होंने कहा, “हमारी जानकारी के अनुसार, घटनास्थल वही खेत है और युवती की हत्या आरोपी युवक ने ही की है। अभी पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। हम हथियार की जांच सहित आपके द्वारा उठाए गए अन्य बिंदुओं पर भी गंभीरता से जांच करेंगे। यदि कोई संदेहास्पद बिंदु मिलता है, तो उसे जांच में शामिल किया जाएगा। ये खबर भी पढ़ें… रेप की कोशिश के बाद युवती की हत्या:रायसेन में भाग रहे आरोपी को गांव वालों ने पकड़कर पीटा रायसेन के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के भारतीपुर गांव में सोमवार दोपहर एक युवती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। युवती अपने भाई के लिए खेत पर खाना लेकर जा रही थी, तभी गांव के ही एक युवक ने उसे रोककर जबरदस्ती करने की कोशिश की। पढ़ें पूरी खबर…
Source link

