राजस्थान के 6 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी:10 से ज्यादा शहरों का न्यूनतम तापमान डबल डिजिट में आया; 22 जनवरी से बदलेगा मौसम
राजस्थान के मौसम में बदलाव होने से हल्के बादल छाने लगे हैं। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव रहा। बादलों के कारण दिन में न्यूनतम तापमान बढ़ने से सुबह-शाम की तेज सर्दी से मामूली राहत मिली है। 10 से ज्यादा शहरों में रविवार को न्यूनतम तापमान डबल डिजिट (10 डिग्री सेल्सियस) से ऊपर दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान में रविवार को 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हुई। मौसम विभाग ने इस सप्ताह प्रदेश में मावठ का दौर शुरू होने की संभावना जताते हुए 22 जनवरी को 6 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के एरिया में आसमान साफ रहा, जबकि जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के एरिया में हल्के बादल छाए। बादलों के कारण इन तीनों संभागों के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, उदयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, झुंझुनूं में रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस करौली में दर्ज हुआ। इससे पहले रविवार सुबह अलवर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और झुंझुनूं के एरिया में कोहरा भी छाया। दिन का पारा 4 डिग्री तक गिरा
राज्य में दिन के अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट हुई। बाड़मेर में रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 24.3, जोधपुर में 27.2, उदयपुर में 25.2, कोटा में 25.5, जयपुर में 26, अजमेर में 25.7, अलवर में 21.6, बारां में 25.4, डूंगरपुर में 25.5, पाली में 25.4, झुंझुनूं में 26.4, फतेहपुर में 26.8, बीकानेर में 24, चूरू में 25.4 और गंगानगर में 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान जवाई (पाली) में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
Source link

