रायपुर में 22 मार्च को होगी उल्लास नवभारत साक्षरता महापरीक्षा:FLNAT के लिए तैयारियां तेज, नोडल अधिकारियों की हुई बैठक
रायपुर में 22 मार्च 2026 को राष्ट्रव्यापी उल्लास भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा (FLNAT) आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के निर्देश पर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में कराई जाएगी, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को साक्षरता से जोड़ना है। परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव हिमांशु भारतीय की अध्यक्षता में चारों विकासखंडों के नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, प्रबंधन और परीक्षार्थियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी की जाए। साथ ही ज्यादा से ज्यादा लोगों को परीक्षा में शामिल करने के लिए नवाचार पर जोर दिया गया है। इसके तहत नुक्कड़ नाटक, आमंत्रण पत्र, मुनादी, रैली और हल्दी-चावल जैसे पारंपरिक तरीकों से लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैठक में जिला मिशन समन्वयक अरुण कुमार शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में समन्वय बनाकर तय समय में तैयारियां पूरी करने और परीक्षा को सफल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link

