रायसेन-राहतगढ़ हाईवे पर निर्माणाधीन पुलिया में पिकअप गिरी:चालक और क्लीनर घायल, निर्माण कंपनी ने सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए, दोनों तरफ रास्ता खोदा
रायसेन-राहतगढ़ हाईवे पर बन रही पुलिया में रविवार एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। इस दुर्घटना में वाहन चालक और क्लीनर घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। घटना सागर रोड स्थित टोल नाके के आगे निर्माणाधीन पुलिया पर हुई। फलों से भरा पिकअप वाहन सड़क से करीब 20 फीट नीचे गहरी पुलिया में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सांकेतिक बोर्ड लगाए बिना रास्ता खोदा
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान सड़क को जगह-जगह से खोदा गया है, लेकिन कोई सूचना या सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाए गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बता दें कि रायसेन से राहतगढ़ तक 260 करोड़ रुपये की लागत से हाईवे का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण के दौरान सड़क के पास बड़े-बड़े गड्ढे किए गए हैं और पुलियों का निर्माण भी जारी है। यात्रियों को डायवर्ट मार्ग न मिलने और धूल के कारण भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Source link

