विदिशा विधायक ने दिव्यांग छात्रा को लैपटॉप दिया:MPPSC परीक्षा पास करना चाहती है, नपाध्यक्ष रहते हारमोनियम उपलब्ध करवा चुके

विदिशा विधायक ने दिव्यांग छात्रा को लैपटॉप दिया:MPPSC परीक्षा पास करना चाहती है, नपाध्यक्ष रहते हारमोनियम उपलब्ध करवा चुके




विदिशा में विधायक मुकेश टंडन ने गुरुवार को दिव्यांग छात्रा लक्ष्मी शाक्य को उच्च शिक्षा के लिए लैपटॉप भेंट किया। विधायक स्वयं लक्ष्मी के घर पहुंचे और उन्हें यह सौगात दी। यह लैपटॉप लक्ष्मी को अपनी पढ़ाई और करियर को नई दिशा देने में मदद करेगा। लक्ष्मी शाक्य ने बताया कि उनका विधायक मुकेश टंडन से पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने स्मरण किया कि जब टंडन नगर पालिका अध्यक्ष थे, तब उनकी संगीत प्रतिभा को देखते हुए उन्हें हारमोनियम उपलब्ध कराया गया था। इससे उन्हें अपनी कला को निखारने का अवसर मिला था। लक्ष्मी वर्तमान में एमए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। कॉलेज में कंप्यूटर शिक्षा के महत्व को समझते हुए उन्होंने लैपटॉप की आवश्यकता महसूस की थी। कुछ समय पहले उन्होंने विधायक से मदद मांगी थी, जिसके बाद उन्हें यह सहायता मिली है। प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती है लक्ष्मी
लक्ष्मी ने बताया कि पहले उनका सपना शिक्षक बनने का था, लेकिन अब वह एमपीपीएससी की तैयारी कर प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य रखती हैं। उन्होंने कहा, “हारमोनियम से मेरी कला को पहचान मिली और अब लैपटॉप से मेरे सपनों को उड़ान मिलेगी। यह सिर्फ एक साधन नहीं, बल्कि मेरे उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।” लक्ष्मी अपने पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी हैं। परिवार के अन्य भाई-बहनों की शादी हो चुकी है, और वह पढ़ाई में सबसे आगे रही हैं। इस अवसर पर विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि समाज के हर वर्ग, विशेषकर बेटियों और दिव्यांगजनों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने जोर दिया कि “बेटियों की शिक्षा ही सशक्त समाज का आधार है।” विधायक ने आगे भी ऐसे जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करने का आश्वासन दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!