विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में तड़के भस्म आरती:पंचामृत अभिषेक और भव्य श्रृंगार के साथ झांझ-डमरू की गूंज में श्रद्धालुओं ने किए बाबा महाकाल के दर्शन
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के भस्म आरती संपन्न हुई। मंदिर के कपाट खुलते ही भगवान महाकाल को जल से अभिषेक कराया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर और शहद से बने पंचामृत से पूजन कर कपूर आरती की गई। जटाधारी महाकालेश्वर का रजत चंद्र मुकुट और रुद्राक्ष की माला अर्पित कर भव्य श्रृंगार किया गया। भगवान महाकाल को रजत चंद्र-त्रिशूल मुकुट धारण कराया गया। भांग, चंदन, ड्रायफ्रूट और भस्म अर्पित की गई। शेषनाग को रजत मुकुट, रजत की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित फूलों की मालाओं से सजाया गया। इसके साथ ही भगवान को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। झांझ, मंजीरे और डमरू की गूंज के बीच भस्म आरती संपन्न हुई। वहीं नंदी जी का स्नान, ध्यान और पूजन भी किया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
Source link

