संभल में प्रशिक्षु जवानों के SI की मौत:छुट्टी पर घर जाते समय सड़क हादसे में घायल, बरेली में तोड़ा दम
संभल में प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दे रहे एक उपनिरीक्षक (दरोगा) की सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। वे तीन दिन का अवकाश लेकर अपने घर जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। उनका बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक उपनिरीक्षक की पहचान प्रदीप कुमार सिंह (48 वर्षीय) के रूप में हुई है। वे बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र के गांव मैथरा निवासी स्व. दुर्गपाल सिंह के पुत्र थे और संभल में इंडोर प्रभारी के पद पर तैनात थे। वे जनपद संभल में बिजनौर के प्रशिक्षु पुलिस भर्ती 2023 के जवानों को प्रशिक्षण दे रहे थे। संभल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार सिंह बीते 28 जनवरी 2024 को तीन दिन का अवकाश लेकर अपने घर जा रहे थे, तभी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई थी। उन्हें तत्काल बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल और राधेश्याम शर्मा ने उनके परिजनों को सड़क हादसे में घायल होने की सूचना दी थी। उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह अपने पीछे मां, पत्नी, 15 वर्षीय बेटे देव और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह के निधन की सूचना मिलते ही जनपद संभल की पुलिस में शोक की लहर दौड़ गई। संभल पुलिस ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। बरेली के थाना बिथरी चैनपुरी पुलिस ने पोस्टमार्टम संबंधी आवश्यक कार्रवाई पूरी की। जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार सिंह वर्ष 1997 में आरक्षित पद पर पुलिस सेवा में शामिल हुए थे। वर्ष 2013 में परीक्षा उत्तीर्ण कर वे उपनिरीक्षक बने थे। वे जनपद में आरटीसी (रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर) अध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
Source link

