सागर में ट्रक और कार की भिड़ंत, एक की मौत:एक युवक गंभीर घायल, बहेरिया रोड पर हुआ हादसा
सागर के बहेरिया रोड पर स्थित दीपावली होटल के पास गुरुवार को कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार सवार दो युवक गंभीर घायल हुए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कार क्रमांक एमपी 15 जेडएफ 8713 में सवार छुट्टू चौबे निवासी देवरी और पवन विश्वकर्मा निवासी रजाखेड़ी बहेरिया चौराहे की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से कार की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क किनारे जा गिरी। दुर्घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। कार में सवार दो युवक गंभीर घायल हुए। घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से बीएमसी भेजा गया। जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम छुट्टू चौबे निवासी देवरी बताया जा रहा है। वहीं घायल पवन विश्वकर्मा का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बनी। बहेरिया पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया। जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। पुलिस मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच कर रही है।
Source link

