साहिबगंज में सेवानिवृत्त शिक्षक की निर्मम हत्या:शनिवार को धारदार हथियार से की गई थी हत्या, खोजी कुत्ता भी नहीं सुलझा सका रहस्य
साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के जोंका गांव में शनिवार देर संध्या 62 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक निर्भय कुमार राय उर्फ बावुल राय की धारदार हथियार से अज्ञात अपराधियों ने निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन अब तक हत्या की गुत्थी सुलझ नहीं सकी है। पुलिस को न तो आरोपियों का पता चल पाया है और न ही कोई ठोस सुराग हाथ लगा है, जिससे इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा हो सके। दुमका से मंगाया गया खोजी कुत्ता मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए रविवार सुबह दुमका से खोजी कुत्ता मंगवाया गया। खोजी कुत्ता मृतक के घर से निकलकर पास के एक घर और सड़क किनारे रखे बालू के ढेर के आसपास सूंघते हुए घूमता रहा। कुछ दूरी तय करने के बाद वह वापस मृतक के घर लौट आया और वहीं बैठ गया। काफी देर तक आसपास चक्कर लगाने के बावजूद खोजी कुत्ता कोई ठोस सुराग नहीं दे सका। दुमका से आए खोजी कुत्ता लिमसी के साथ पहुंचे कॉन्स्टेबल उमेश कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वे रात 11 बजे दुमका से रवाना हुए और सुबह 1 बजकर 10 मिनट पर जोंका पहुंचे। स्थानीय पुलिस के निर्देश पर खोजी कुत्ते को घटनास्थल पर घुमाया गया, लेकिन कोई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण घटनास्थल पर राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तीनपहाड़ थाना प्रभारी और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के दिन कौन-कौन मृतक के घर आया था और मृतक किन लोगों के संपर्क में था। मृतक की बहू ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर जब वे घर पहुंचीं, तो उनके ससुर के चेहरे पर चोट के निशान और गहरे घाव दिखाई दे रहे थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई। परिजनों का आरोप- यह हत्या है मृतक की बड़ी पुत्री ने बताया कि 5 फरवरी को पिता से उनकी अंतिम बार बातचीत हुई थी। वहीं छोटी पुत्री ने कहा कि पिता नियमित रूप से संपर्क में रहते थे। उन्होंने कभी किसी विवाद या दुश्मनी की बात नहीं बताई। गांव के लोगों के अनुसार निर्भय कुमार राय कम बोलचाल करते थे और घर में अकेले रहते थे। वह केवल दूध लेने के लिए सुतियारपड़ा जाते थे। जिला परिषद सदस्य प्रताप राय ने भी कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। तीनपहाड़ थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के घर और आसपास घटना में इस्तेमाल हथियार की तलाश की जा रही है, जबकि राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मामले की गहन छानबीन जारी है।
Source link

