सिरसा में युवक पर तलवार और कुल्हाड़ी से हमला:पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम, तीन पर केस दर्ज
सिरसा जिले के कालावाली उपमंडल की अनाज मंडी में तीन युवकों ने एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक सुखबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। यह घटना बीच बाजार में हुई, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घायल सुखबीर के मुंह और हाथ पर तेजधार हथियारों से कई वार किए गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और घायल के परिजनों को सूचना दी। कुल्हाड़ी और तलवारों से किया हमला घायल सुखबीर सिंह ने बताया कि वह कुरंगावाली गांव से कालावाली अनाज मंडी किसी काम से आया था। इसी दौरान पीछे से तीन युवकों ने कुल्हाड़ी और तलवारों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सुखबीर ने हमलावरों में से एक की पहचान दादू गांव के जबरजंग के रूप में की, जबकि अन्य दो की पहचान नहीं हो पाई। घायल का इलाज जारी सूचना मिलने पर कालावाली चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल युवक से जानकारी जुटाई और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल सुखबीर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार, यह मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। घायल सुखबीर को आगे के उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया है।
Source link

