सुपौल में किशनपुर पुलिस ने 92 किलो गांजा बरामद किया:स्कॉर्पियो जब्त, तस्कर फरार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 37 लाख
सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया है। शिवपुरी पंचायत के थरबिट्टा गांव से पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन समेत करीब 92.955 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे और कुहासे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मिली। थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि सरायगढ़ की ओर से एक स्कॉर्पियो वाहन में गांजा लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस बल के सहयोग से गोल चौक पर बेरिकेटिंग कर वाहन को रोकने की योजना बनाई गई। बोरे सड़क किनारे फेंकते हुए फरार हो गया
जैसे ही संदिग्ध स्कॉर्पियो गोल चौक के पास पहुंची, चालक ने पुलिस को देखकर बेरिकेटिंग तोड़ दी और तेज गति से वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू किया, लेकिन घना कुहासा होने के कारण तस्कर को भागने का मौका मिल गया। दबाव बढ़ने पर तस्कर ने मध्य विद्यालय थरबिट्टा के समीप वाहन छोड़ दिया और गांजा से भरे बोरे सड़क किनारे फेंकते हुए फरार हो गया। 92 किलो 955 ग्राम गांजा बरामद किया
पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो वाहन (संख्या बीआर-01पीबी-8341) को जब्त कर लिया और तलाशी के दौरान सड़क किनारे पड़े बोरे से गांजा बरामद किया। रात के अंधेरे के कारण कुछ बोरे तत्काल नहीं मिल सके, जिन्हें सुबह के समय खोजबीन कर बरामद किया गया। कुल चार बोरियों से बोरा सहित 92 किलो 955 ग्राम गांजा बरामद किया गया। थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। फरार तस्करों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link

