हरियाणा के 5.71 लाख विद्यार्थियों को मौका:20 अप्रैल से शुरू हो सकते है पेपर, अंक सुधारने के लिए 3 विषय का दोबारा दे पाएंगे एग्जाम
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा ऐसे विद्यार्थियों को मौका दिया गया है, जिनके 10वीं-12वीं के एग्जाम अच्छे नहीं हो पाए। जिसके तहत विद्यार्थी 3 विषय के पेपर दोबारा दे पाएंगे। वहीं इसके लिए 4 से 10 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया है। वहीं 20 अप्रैल के आसपास दोबारा से पेपर लिए जाएंगे। इसके लिए विद्यार्थी अपनी तैयारी रखें। ताकि दोबारा पेपर हो तो वे अच्छे से दे पाएं और जो कमी पहले रह गई थी, उसको भी सुधार पाएं। इसी लिए दोबारा पेपर लिए जा रहे हैं। शिक्षा बोर्ड द्वारा पेपरों की तैयारी भी की जा रही है। किसी भी विद्यार्थी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। 5.71 लाख परीक्षार्थियों ने दिया एग्जाम
बता दें कि बोर्ड परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुई थी और 1 अप्रैल तक जारी रही। 25 फरवरी को 12वीं की पहली परीक्षा हुई और 1 अप्रैल तक बारहवीं कक्षा के पेपर चले। वहीं 10वीं कक्षा की परीक्षा 26 फरवरी से आरंभ होकर 20 मार्च तक चली। इसके लिए 1433 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन परीक्षा केंद्रों पर लगभग 5 लाख 71 हजार 767 परीक्षार्थी पेपर में बैठे। जिसमें सेकेंडरी (10वीं) के 295748, सीनियर सेकेंडरी (12वीं) के 270663 व डीएलएड के 5356 परीक्षार्थी शामिल हैं। वहीं 325 प्रभावी उड़नदस्तों (फ्लाइंग टीमों) का गठन किया गया था। 10वीं के 2 तथा 12वीं के 3 परीक्षा केंद्रों की परीक्षा रद्द हुई। इसके अतिरिक्त 3 परीक्षा केंद्रों को शिफ्ट किया गया था। 422 नकलची पकड़े
इन परीक्षाओं में अनुचित साधन प्रयोग (नकल) के करीब 422 मामले दर्ज किए गए, जो कि पिछले 3 वर्षों की तुलना में सबसे कम है। इन परीक्षाओं में ड्यूटी के प्रति कोताही बरतने वाले 7 केंद्र अधीक्षक, 2 उप-केंद्र अधीक्षक तथा करीब 65 पर्यवेक्षकों रिलीव किया गया, इनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए शिक्षा विभाग को लिखा गया है। अंक सुधार का मौका, 3 विषय के दे पाएंगे एग्जाम
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया था कि सेकेंडरी (10वीं) एवं सीनियर सेकेंडरी (12वीं) वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 से जो परीक्षार्थी अपने पेपर से संतुष्ट नहीं हैं, ऐसे परीक्षार्थियों को अंक सुधार का मौका दिया है। इच्छुक परीक्षार्थी अतिरिक्त विषय को छोड़कर अधिकतम किंहीं भी 3 विषयों की पुन: परीक्षा देने के लिए स्वयंपाठी तौर पर 1000 रुपए शुल्क सहित बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर 4 अप्रैल से 10 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पेपर नहीं देने वालों को भी मौका
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इसके अतिरिक्त जो परीक्षार्थी अपरिहार्य कारणों जैसे गंभीर बीमारी/चोट/खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिता इत्यादि परिस्थितियों के कारण वार्षिक परीक्षा में प्रविष्ट नहीं हो पाए। ऐसे सभी परीक्षार्थी बोर्ड कार्यालय में निर्धारित तिथियों में संपर्क करते हुए निर्धारित शुल्क ऑफलाइन व पात्रता संबंधित दस्तावेज जमा करवाकर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। यदि कोई परीक्षार्थी प्रथम वार्षिक परीक्षा में सभी विषयों की परीक्षा में अनुपस्थित रहा है और पुन: परीक्षा के लिए आवेदन करता है तो ऐसे परीक्षार्थी का आवेदन पत्र अयोग्य मानते हुए रद्द किया जाएगा। जल्दी ही परीक्षा की तिथि घोषित की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 पर संपर्क कर सकते हैं।
Source link

