हिमाचल में आज हेवी स्नोफॉल का ऑरेंज अलर्ट:मैदानी इलाकों में बारिश, 3 जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी; आसमानी बिजली गिरने की संभावना
हिमाचल में गुरुवार रात से मौसम बदल गया है। प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात से बर्फबारी और कई जगह बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने चंबा, कुल्लू और लाहौल स्पीति जिला के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में आज (शुक्रवार को) भारी हिमपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए टूरिस्ट समेत लोकल लोगों को अधिक ऊंचे क्षेत्रों में नहीं जाने की एडवाइजरी दी गई है। IMD के अनुसार, शुक्रवार शाम सात-आठ बजे तक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश जारी रहेगी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि, पूरे प्रदेश में साढ़े तीन महीने से चला आ रहा ड्राइ स्पेल टूटने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि ऊना, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और बिलासपुर जिलों में तेज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश के साथ आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। 3 जिलों में ओलावृष्टि, हमीरपुर में शीतलहर की चेतावनी वहीं मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। हमीरपुर जिले में कोल्ड वेव (शीत लहर) की चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। कई शहरों के अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। 24 जनवरी को कमजोर पड़ेगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस संदीप शर्मा ने बताया कि, कल (शनिवार को) वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा। इस दिन अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ही हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार है। 25 जनवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। मगर 26 जनवरी को दूसरा स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस दोबारा सक्रिय होगा। इससे 26 और 27 जनवरी को अच्छी बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। 3 महीने में सामान्य से 96% कम बारिश प्रदेश में इस विंटर सीजन में न के बराबर बारिश-बर्फबारी हुई है। नवंबर में सामान्य से 96 प्रतिशत कम बारिश, दिसंबर में 99 प्रतिशत और जनवरी में अब तक सामान्य से 94 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। ऐसे में आज बागवानों को आसमान से राहत बरसने की उम्मीद है।
Source link

