हिमाचल में दो दिन बर्फबारी और बारिश:पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय, तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस की गिरावट, 550 सड़कें बंद

हिमाचल में दो दिन बर्फबारी और बारिश:पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय, तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस की गिरावट, 550 सड़कें बंद




हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। शुक्रवार से शुरू हुई बर्फबारी शनिवार को भी जारी रहने का अनुमान है। बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश के तापमान में जबरदस्त गिरावट आई है। हिमाचल का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया है, जबकि बीते 24 घंटों में तापमान में करीब 13 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दो से तीन दिनों के दौरान तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण 23 से 27 जनवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। 24 और 25 जनवरी को ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। 27 जनवरी को एक बार फिर कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर कोल्ड-डे, घना कोहरा, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी भी जारी की है। भारी बर्फबारी को देखते हुए लोगों और पर्यटकों को पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला के जाखू में करीब आधा फीट बर्फबारी हुई है, जबकि कुफरी, नारकंडा और आसपास के पर्यटन स्थलों पर एक फीट से अधिक बर्फ जमी है। मनाली में भी आधा फीट से ज्यादा बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा चंबा और लाहौल-स्पीति के कई क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ है। लगातार बर्फबारी के कारण प्रदेश के कई इलाकों का संपर्क देश के अन्य हिस्सों से कट गया है। कई शहरों में वाहनों की आवाजाही हुई ठप अपर शिमला में ठियोग, रोहड़ू, रामपुर और चौपाल क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। कुल्लू जिले के कई क्षेत्रों के संपर्क मार्ग भी बाधित हुए हैं, जबकि लाहौल-स्पीति जिले का संपर्क पूरी तरह कट गया है। चंबा के भरमौर और पांगी क्षेत्रों में भी सड़क संपर्क टूट गया है। राजधानी शिमला में भारी बर्फबारी के चलते शुक्रवार सुबह से ब्लैक-आउट की स्थिति बनी रही। शहर के करीब 95 प्रतिशत इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही। देर शाम तक कुछ क्षेत्रों में बिजली बहाल की जा सकी, लेकिन बर्फीले तूफान और खराब मौसम के कारण आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने में समय लग सकता है। प्रदेशभर में 550 से ज्यादा सड़कें और 950 से अधिक बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए हैं। पांगी और भरमौर का संपर्क कटा चंबा के पांगी व भरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों का प्रदेश के अन्य हिस्सों से संपर्क कट गया है। इसके चलते 600 से ज्यादा रूटों पर एचआरटीसी और निजी बस सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
कुल्लू जिले में भारी बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कुल्लू और बंजार उपमंडल में सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया है। उपायुक्त कुल्लू ने छात्रों और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है। कहां कितनी बर्फबारी हुई बारिश और बर्फबारी के आंकड़ों पर नजर डालें तो चंबा जिले के भटियात (चौहड़ा) में 32.2 मिमी, भरमौर में 25 मिमी, बलद्वाड़ा में 23 मिमी और अंब में 21 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं बर्फबारी में कोठी में 15 सेमी, गोंडला में 12 सेमी, कुंसुम्बी में 6.8 सेमी, जोबरहाट में 6 सेमी, मनाली में 4.8 सेमी और केलांग में 4 सेमी बर्फ दर्ज की गई है। ताजा बर्फबारी से प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है और बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रुख कर रहे हैं, जिससे होटल और पर्यटन कारोबार को राहत मिली है। वहीं किसानों और बागवानों के लिए यह बर्फबारी संजीवनी साबित हो रही है। हालांकि, खराब मौसम के कारण आम लोगों को आवाजाही, बिजली और संचार से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!