हिसार के उकलाना में गड्ढे में फंसी लोडिंग पिकअप:सब्जी मंडी रोड पर ट्रैफिक जाम; घंटों तक लोग परेशान, सड़कों की हालत खस्ता
हिसार जिले के उकलाना शहर में इन दिनों सड़कों की खुदाई के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर की मुख्य सड़कों पर सीवरेज तथा पीने के पानी की पाइपलाइन डालने के लिए जगह-जगह खुदाई की गई है, जिससे अधिकांश सड़कें उखड़ी हुई हैं। ऐसे हालात में आवागमन करना नागरिकों के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं रह गया है। बुधवार को सब्जी मंडी रोड पर बुड्ढाखेड़ा चौक के पास उस समय स्थिति और अधिक खराब हो गई जब एक लोडिंग पिकअप गाड़ी सड़क पर बने गहरे गड्ढे में धंस गई। चालक ने वाहन को निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन गाड़ी और अधिक धंसती चली गई। इसके चलते यह रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और राहगीरों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों को बदलना पड़ा रास्ता सब्जी मंडी चौक पर वाहन फंसने के कारण इस मार्ग से होने वाला आवागमन कुछ समय के लिए पूरी तरह ठप हो गया। मजबूरन वाहन चालकों को दूसरे रास्तों से होकर बाजार तक पहुंचना पड़ा। नागरिकों ने जताई नाराजगी स्थानीय नागरिकों संदीप, सुमित, राजेश, अनिल सहित अन्य लोगों का कहना है कि बिना किसी ठोस योजना और व्यवस्था के शहर की मुख्य सड़कों को जगह-जगह उखाड़ दिया गया है। कहीं पीने के पानी की पाइपलाइन डालने का काम चल रहा है तो कहीं सीवरेज लाइन बिछाई जा रही है और कहीं मरम्मत कार्य के नाम पर सड़कें खोद दी गई हैं। व्यापार पर पड़ा असर नागरिकों का कहना है कि शहर में निर्माण कार्यों के चलते हालात इतने खराब हो गए हैं कि वाहनों की बात तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इसका सीधा असर शहर के बाजार पर पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में ग्राहकों की आवाजाही कम होने से व्यापार प्रभावित हो रहा है और कई किराएदार दुकानदारों के लिए दुकानों का किराया निकालना भी मुश्किल हो गया है। नागरिकों की प्रशासन से मांग नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में चल रहे विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से और जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके और बाजार की स्थिति सामान्य हो सके।
Source link

