हिसार में पंचायत का 1.20 लाख का सामान चोरी:बाढ़ राहत में लगे उपकरण गायब, सरपंच की शिकायत पर केस दर्ज
हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव लितानी ग्राम पंचायत का करीब 1 लाख 20 हजार रुपये का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। बाढ़ के समय पानी निकासी के लिए लगाया गया यह सामान अज्ञात चोर उखाड़ ले गए। सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव लितानी की सरपंच मालका रानी ने बताया कि सितंबर माह में आई बाढ़ के दौरान गांव और आसपास के खेत जलमग्न हो गए थे। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पंचायत द्वारा 20 एचपी की मोटर पंप, 1200 फुट 8 इंच की पाइप, 1000 फुट 8 इंच की प्लास्टिक ट्यूब तथा 28×30 मीटर की फ्लैट हॉर्स पाइप लगाई गई थी। पानी की निकासी का कार्य पूरा होने के बाद यह सामान सुरक्षित जगह पर रखा गया था। उन्होंने बताया कि पंचायत द्वारा हाल ही में सामान को इकट्ठा कर जांच की गई तो उसमें कई उपकरण गायब पाए गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पिछले साल हुई चोरी शिकायत के अनुसार चोरी की वारदात पिछले साल 16 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच की है, जबकि शिकायत 12 फरवरी को उकलाना थाना में दर्ज करवाई गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। ASI मोहिंदर सिंह कर रहे जांच पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब 30 हजार रुपये की मोटर पंप तथा लगभग 90 हजार रुपये के पाइप व अन्य उपकरण शामिल हैं। इस चोरी में करीब 1 लाख 20 हजार रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। मामले की जांच ASI मोहिंदर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है।
Source link

