119.1 kg of poppy husk seized in Latehar | लातेहार में 119.1 किलो डोडा जब्त: कार से 6 लाख का डोडा बरामद, तस्कर फरार; डालटेनगंज की ओर ले जा रहे थे – latehar News
लातेहार जिले की मनिका थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक हुंडई कार से 119.1 किलोग्राम डोडा अफीम जब्त किया है। जब्त डोडा की अनुमानित कीमत लगभग छह लाख रुपए बताई जा रही है। हालांकि, तस्कर मौके
.
मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, एक सफेद रंग की हुंडई कार में भारी मात्रा में डोडा अफीम लातेहार से डालटेनगंज की ओर एनएच-75 मार्ग से ले जाया जा रहा था।
सघन वाहन चेकिंग शुरू कर दी
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया और तुरंत सघन वाहन चेकिंग शुरू कर दी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बरवाडीह भरत राम भी मौके पर पहुंचे और अभियान में शामिल हुए।
चेकिंग के दौरान लातेहार की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने पुलिस की बैरिकेडिंग को टक्कर मारते हुए वाहन लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए कार का पीछा किया।
चालक कार को जंगल में छोड़कर फरार
भागने के क्रम में चालक पक्की सड़क छोड़कर डोंकी गांव की ओर पहाड़ी व जंगली रास्ते में घुस गया। सड़क खराब होने के कारण कुछ दूरी पर चालक कार को जंगल में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तस्कर पहाड़ी व जंगली क्षेत्र का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर लिया। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें 119.1 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया। पुलिस ने कार के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(सी)/22(सी) एवं बीएनएस की धारा 281/125 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

